अंबेडकरनगर। जिले के जयराम वर्मा बापू इंटर कॉलेज, नाऊसांडा केदारनगर में मध्याह्न भोजन योजना में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर प्रधानाचार्य विजय वर्मा के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की गई है। यह निर्णय मंडलीय समन्वयक द्वारा किए गए निरीक्षण के बाद लिया गया।
14 जुलाई को रीगा व समजाग निवासी ग्रामीणों ने निदेशक, मध्याह्न भोजन प्राधिकरण, लखनऊ को शिकायत भेजी थी। इसके आधार पर 22 अगस्त को मंडलीय समन्वयक ने स्कूल का स्थलीय निरीक्षण किया। एमडीएम पंजिका में पंजीकृत 110 के सापेक्ष 85 बच्चों को दर्शाया गया था। भोजन में तहरी बना था, जिसकी गुणवत्ता सामान्य स्तर की पायी गई। दूध सिर्फ छह लीटर मंगाया गया था। रसोइया ने बताया कि बुधवार को इतना ही दूध व तहरी का वितरण किया जाता है, जबकि करीब 40 से 50 बच्चे भोजन ग्रहण करते हैं। मंडलीय समन्वयक ने उपस्थित बच्चों के सापेक्ष भोजन कम बनने व दूध की मात्रा कम पाए जाने के संबंध में प्रभारी प्रधानाचार्य व लिपिक से बातचीत की, लेकिन उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। जांच रिपोर्ट में बताया गया कि प्रधानाचार्य ने अधिक बच्चों की संख्या आईबीआरएस पोर्टल पर भेजकर खाद्यान्न व परिवर्तन लागत का दुरुपयोग किया जा रहा है। सहायक निदेशक ने बीएसए को आवश्यक कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया है। बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि प्रबंधक को कार्रवाई का आदेश दिया है।