फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ambedkar Nagar News: एएनएम की तैनाती में खेल उजागर, डीएम ने लौटाई सूची

विज्ञापन
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। स्वास्थ्य विभाग में एएनएम की तैनाती को लेकर सीएमओ कार्यालय की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। करीब 40 एएनएम के तबादले के बाद जिले को मिली 44 नई एएनएम की तैनाती में नियमों की अनदेखी का मामला सामने आया है। आरोप है कि तबादले से रिक्त हुए स्वास्थ्य उपकेंद्रों को प्राथमिकता देने के बजाय तैयार सूची में कई एएनएम को दूसरे और मनचाहे केंद्रों पर तैनाती देने की तैयारी की गई। अनुमोदन के लिए सूची डीएम के पास पहुंची तो मामला पकड़ में आ गया। डीएम ईशा प्रिया ने सूची वापस कर रिक्त केंद्रों पर पहले तैनाती करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पूरे मामले की निगरानी सीडीओ को सौंपी है।
विज्ञापन

जिले में करीब 325 स्वास्थ्य उपकेंद्र हैं। इनमें पहले से लगभग 250 एएनएम तैनात थीं। पिछले माह हुए तबादलों में करीब 40 एएनएम दूसरे जिलों में चली गईं। इसके बाद जिले को 44 नई एएनएम मिलीं। ऐसे में सबसे पहले उन स्वास्थ्य उपकेंद्रों पर तैनाती की जानी थी, जहां तबादले के कारण पद रिक्त हुए हैं। विभागीय स्तर पर तैयार सूची में कथित तौर पर कई नाम ऐसे केंद्रों के लिए रखे गए, जहां पहले से व्यवस्था थी। इसकी जानकारी डीएम तक पहुंचने के बाद सूची पर रोक लगा दी गई।
80 केंद्रों का संचालन भी सवालों में
स्वास्थ्य विभाग में करीब 80 ऐसे केंद्रों के संचालन की प्रक्रिया भी सवालों के घेरे में है, जहां एएनएम की तैनाती को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। विभागीय जानकारों के अनुसार इनमें कुछ केंद्र निजी भवनों तो कुछ अपने भवनों में संचालित हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि इन केंद्रों को अभी एचएमआईएस पोर्टल पर भी अपडेट नहीं किया गया है। साथ ही इन केंद्रों के लिए पद भी स्वीकृत नहीं हैं।
विज्ञापन

ऐसे में इन केंद्रों पर नियमित एएनएम की तैनाती के बजाय विशेष दिनों में आसपास के स्वास्थ्य उपकेंद्रों पर तैनात एएनएम के माध्यम से सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था होनी थी। इसके बावजूद नई एएनएम को इन केंद्रों पर तैनात किए जाने की जानकारी सामने आई है। इससे तैनाती प्रक्रिया और विभागीय मानकों पर सवाल उठ रहे हैं। (संवाद)
डीएम के हस्तक्षेप के बाद संशोधित हुई सूची
सूत्रों के अनुसार एएनएम की तैनाती संबंधी सूची अनुमोदन के लिए डीएम के पास पहुंची तो उन्होंने रिक्त हुए केंद्रों को पहले भरने के निर्देश दिए। साथ ही पूरे मामले की निगरानी सीडीओ को सौंप दी। इसके बाद सीएमओ कार्यालय में तैनाती सूची को लेकर हलचल बढ़ गई। विभागीय सूत्रों के अनुसार बुधवार को कुछ कर्मचारियों को संशोधित आदेश भी जारी किए गए हैं। अब विभागीय स्तर पर यह स्पष्ट किया जा रहा है कि एएनएम की तैनाती के लिए सूची किस आधार पर तैयार की गई थी और उसमें रिक्त केंद्रों को प्राथमिकता क्यों नहीं दी गई। वहीं, करीब 80 केंद्रों पर तैनाती का निर्णय भी नए निर्देशों के बाद ही किए जाने की बात कही जा रही है।
आदेश आने पर की जाएगी तैनाती
पुरानी सूची में कुछ नाम और स्थान गड़बड़ हो गए थे, इसी वजह से तैनाती हुई थी। जानकारी मिलने के बाद उसे सही कराया गया है। शेष 80 केंद्रों पर तैनाती नए सिरे से आदेश आने पर की जाएगी।
विज्ञापन

- डॉ. प्रमोद कुमार, सीएमओ
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें