अंबेडकरनगर। लखनऊ के होटल सेलेस्टियल मैन्योर की 10वीं मंजिल से समरीन की मौत के मामले में अब पुलिस अकबरपुर में छानबीन कर रही है। युवती के साथ ठहरे अवनीश जायसवाल उर्फ देव की तलाश के लिए अकबरपुर पुलिस लखनऊ के संपर्क में है। बुधवार को पुलिस टीमों ने अवनीश के अकबरपुर स्थित आवास और दुकानों पर पड़ताल की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
बताया जा रहा है कि अवनीश के पिता की अकबरपुर में नगर पालिका के निकट मशीनरी की बड़ी दुकान है। इनका आवास भी शहर में है। सुल्तानपुर के दोस्तपुर में अवनीश का ननिहाल और पैतृक घर भी है। अवनीश ज्यादातर अपने ननिहाल में ही रहता था। बीते सोमवार की रात अवनीश अपनी महिला मित्र के साथ लखनऊ के होटल में था। यही से होटल की 10वीं मंजिल से गिरकर महिला की मौत हो गई थी।
इसके बाद से ही पुलिस अवनीश को तलाश कर रही है। जांच के दौरान युवक का संबंध अंबेडकरनगर से होने की बात सामने आई है। इसके बाद लखनऊ पुलिस के इनपुट के आधार पर अकबरपुर पुलिस ने यहां भी छानबीन की है। दुकान से लेकर घर तक दबिश दी गई लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं लग पाया है। सीओ अरुण कुमार नौहवार ने बताया कि सूचना पर पुलिस ने छानबीन की है लेकिन कोई सुराग नहीं मिला है।