आलापुर पुलिस की ओर से गिरफ्तार किए गए चोरी के आरोपी। स्रोत : पुलिस विभाग
अंबेडकरनगर। जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के खुलासे में आलापुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2.36 लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन, सोने की बट्टी, चांदी की पाजेब और चांदी के सिक्के बरामद किए हैं। पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों में हुई 10 चोरियों के खुलासे का दावा किया है।
बुधवार तड़के मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने जयराम जनता स्कूल रामनगर के एक कमरे से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान महेंद्र उर्फ सोनू गौड़ व अनिल निषाद निवासी ग्राम धर्मपुर करमैतेपुर जहांगीरगंज के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने आलापुर, बेवाना, महरुआ, राजेसुल्तानपुर, अकबरपुर, मालीपुर, अहिरौली और बसखारी थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने इनके कब्जे से विभिन्न मामलों से से संबंधित 2,36,150 रुपये नकद, एक एंड्रॉयड मोबाइल, सोने को गलाकर बनाई गई एक बट्टी, एक जोड़ी चांदी की पाजेब तथा दो चांदी के सिक्के बरामद किए हैं।
सीओ प्रदीप सिंह चंदेल ने बताया कि दोनों आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं। महेंद्र उर्फ सोनू गौड़ के खिलाफ चोरी और गैंगस्टर एक्ट समेत 10 मामले दर्ज हैं जबकि अनिल निषाद पर चोरी, एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम सहित 13 मामले दर्ज हैं।