जलालपुर। कटका पुलिस ने मोबाइल चोरों के अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने छापा मारकर सात मोबाइल चोरों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से चोरी के 49 मोबाइल बरामद हुए। पुलिस ने पकड़े गए चोरों के विरुद्ध केस दर्ज कर जेल भेज दिया।
कटका पुलिस को बुधवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि न्यौरी बाजार के निकट कुछ संदिग्ध लोग मौजूद हैं और वे किसी घटना को अंजाम देने के प्रयास में हैं। इस पर प्रभारी थानाध्यक्ष विजय प्रताप तिवारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम को देखते ही बदमाश भागने लगे। इस पर पुलिस कर्मियों ने दौड़ाकर सात बदमाशों को पकड़ लिया। तलाशी पर उनके पास से कुल मोबाइल बरामद हुए। पूछताछ में बदमाशों ने चोरी के मोबाइल होने की बात स्वीकार की।
एसओ ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों की पहचान झारखंड प्रांत के साहबगंज थाना अंतर्गत महराजपुर नयाटोला तालझारी निवासी राजू शर्मा, दीपक, बादल कुमार, पप्पू अंसारी, विशेष कुमार, रोहन कुमार व सुवास्तम निवासी नौरतिया थाना अंदाबाद जिला कटियार बिहार के रूप में हुई। बताया कि उनके पास से चोरी के 49 मोबाइल बरामद हुए। आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया। उधर, पुलिस टीम की इस सफलता पर एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बधाई देते हुए कहा कि इसी प्रकार की सक्रियता से अपराधियों पर अंकुश पाया जा सकता है। आगे भी इसे बरकरार रखना होगा।