अंबेडकरनगर। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए मंगलवार शाम को डीएम अनुपम शुक्ला ने जलालपुर तहसील क्षेत्र का निरीक्षण किया।
डीएम के निरीक्षण के दौरान पता चला कि रुदौली अदाई की बीएलओ देवी मौर्य एसआईआर में सहयोग नहीं कर रही हैं। इसके संबंध में एआरओ मीनाक्षी सिंह ने एसडीएम राहुल गुप्ता से शिकायत की है। डीएम ने इस प्रकरण में मुकदमा दर्ज कराने के आदेश दिए हैं। इस दौरान कई बीएलओ ने नेटवर्क की समस्या होने की बात कही।
इस पर डीएम ने निर्देश दिए कि तहसील परिसर में वाई-फाई की सुविधा रात 10 बजे तक मुहैया कराई जाए। इस दौरान कई बीएलओ के कार्यों में लापरवाही भी मिली, जिस पर डीएम ने इनपर कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं संबंधित सुपरवाइजरों का वेतन रोकने और स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने आलापुर का भी निरीक्षण किया। वहीं, एडीएम न्यायिक रंजीत सिंह ने टांडा तहसील पहुंचकर एसआईआर प्रगति की समीक्षा की।