अंबेडकरनगर। कांवड़ यात्रा की ड्यूटी छोड़ गायब मिलने पर एसपी ने बुधवार देर शाम एक दरोगा व चार सिपाहियों को निलंबित कर दिया। पुलिसकर्मियों के ड्यूटी पर न रहने की वजह से आधा दर्जन से अधिक ट्रक और बस प्रतिबंधित मार्ग तक पहुंच गईं थीं जिन्हें एसपी ने कड़ी चेतावनी के साथ वापस कराया।
एसपी अजीत कुमार सिन्हा बुधवार देर शाम पुलिसकर्मियों की ड्यूटी चेक करने के लिए निकले हुए थे। वे जब अहिरौली थाना क्षेत्र के तिवारीपुर मोड़ पर पहुंचे तो वहां ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी नदारद मिले। वहां रोक के बावजूद आधा दर्जन से अधिक ट्रक और एक बस पहुंच गई थी। अकबरपुर-अयोध्या मार्ग पर इन दिनों कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा के चलते भारी वाहनों के संचालन पर रोक है।
बड़े वाहनों को इस मार्ग पर देख एसपी ने फौरन सभी को रोकवाया और उन्हें वापस भीटी की तरफ लौटा दिया। इसके बाद दरोगा नसीर कुरैशी, सिपाही अतुल यादव, सरन यादव, प्रद्युम्न पाल और गौरव सिंह को ड्यूटी से गायब रहने और लापरवाही बरतने पर निलंबित कर दिया। एसपी ने इसके साथ ही विभागीय जांच के भी आदेश दिए। साथ ही सभी थाना प्रभारियों को हिदायत दी कि कांवड़ यात्रा में किसी प्रकार की लापरवाही ड्यूटी में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।