अंबेडकरनगर। जिले में रविवार को पहुंचे मंडलायुक्त एमपी अग्रवाल ने डीएम सैमुअल पॉल एन के साथ मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में संचालित एकीकृत कोविड कमांड सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एकीकृत कोविड कमांड सेंटर से होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों को फोन करके उनका नियमित लिए जा रहे हालचाल के बने डिटेल रजिस्टर को भी देखा।
उन्होंने स्वयं मरीज दुर्गेश से फोन करके हालचाल जाना। दुर्गेश ने बताया कि कि मेरा स्वास्थ्य ठीक है। दवा समय से मिल रही है। तापमान चेक किया गया था। मुझे कोई परेशानी नहीं है। इसके उपरांत मरीज सुरेश से मंडलायुक्त ने फोन करके स्वास्थ्य के बारे में पूछा तो उसने बताया कि मेरे पास आरआर टीम आती है। परंतु मेरा ऑक्सीजन का लेवल चेक नहीं किया जाता है। शरीर के तापमान के आधार पर ही दवा दे दी जाती है।
इस पर मंडलायुक्त ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि आरआरटी टीम भेजकर तत्काल मरीज का ऑक्सीजन लेवल चेक किया जाए, जिससे मरीज को कोई दिक्कत न हो। इस मौके पर सीडीओ घनश्याम मीणा, एडीएम डॉ. पंकज कुमार वर्मा, सीएमओ डॉ. अशोक कुमार, सीएमएस डॉ. ओमप्रकाश गौतम आदि मौजूद रहे।