जहांगीरगंज (अंबेडकरनगर) । हत्या की आशंकाओं के बीच 45 घंटे बाद मासूम का शव गोरखपुर एसडीआरएफ की टीम ने नेवारी दुराजपुर गांव के गहरे तालाब से रविवार को खोज निकाला। चोट का कोई निशान मौजूद नहीं मिला। शव को बाद में पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया गया।
मालूम हो कि 12 जनवरी की शाम पांच बजे करीब गांव निवासी मोहम्मद मेराज का 21 माह का पुत्र सालार अचानक लापता हो गया था। घर वालों ने तलाश शुरू की लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। शनिवार को परिवारीजनों ने जहांगीरगंज थाने पहुंचकर केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। पुलिस ने गुमशुदगी का केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। मासूम के लापता होने को लेकर उहापोह का माहौल था। कुछ लोग आशंका जता रहे थे कि उसका अपहरण हो गया है तो कुछ घर के सामने स्थित तालाब में डूबने की बात कर रहे थे। हत्या कर फेंक देने की भी आशंका जताई गई।
शनिवार को दिन में पुलिस टीम गांव पहुंची थी। स्थानीय लोगों ने तालाब में तलाश किया लेकिन कुछ पता नहीं चल सका था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ. कौस्तुभ भी देर शाम गांव पहुंचे थे। परिवारीजनों से मुलाकात कर जानकारी हासिल की। उन्होंने गोविंद साहब मेले में मौजूद गोरखपुर की एसडीआरएफ टीम को बुलाने का निर्देश दिया।
इसके बाद रविवार को गांव आई टीम ने दोपहर बाद तालाब से ही शव को खोज निकाला। एसओ प्रदीप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया सामान्य हादसा ही है। विस्तृत जानकारी पोस्टमाॅर्टम के बाद हो सकेगी।