संवाद न्यूज एजेंसी
अंबेडकरनगर। जिले में वायरल संक्रमण का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। बदलते मौसम और वातावरण में बढ़ती नमी के कारण लोग बड़ी संख्या में वायरल बुखार, सर्दी-खांसी और बदन दर्द आदि से बीमार हो रहे हैं।
जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या में अचानक बढ़ोतरी देखी गई है। बुधवार को ओपीडी में 1400 से अधिक मरीजों का पंजीकरण हुआ, जबकि सामान्य दिनों में यह संख्या 1100 से 1200 के बीच होती है।
अस्पताल पहुंच रहे मरीजों में अधिकांश को तेज बुखार, गले में खराश, सर्दी-जुकाम और थकान की शिकायत है। खासतौर से बच्चे, बुजुर्ग और पहले से मधुमेह या हृदय रोग से पीड़ित मरीज इस संक्रमण की चपेट में तेजी से आ रहे हैं। फिजीशियन डॉ. विवेक पांडेय ने बताया कि स्कूली बच्चों में वायरल के लक्षण जैसे बुखार, गले में सूजन व खराश अधिक देखी जा रही है। छोटे बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता अपेक्षाकृत कमजोर होती है, जिस कारण वे अधिक जल्दी संक्रमित हो जाते हैं।
उन्होंने बताया कि हाल की बारिश के बाद उमस ने वायरस को पनपने का अनुकूल वातावरण दे दिया है। डॉ. पांडेय ने आशंका जताई कि यह संक्रमण की लहर अभी बनी रह सकती है। ऐसे में लोगों को सतर्कता बरतने की जरूरत है।