.जिला अस्पताल में दवा लेने के लिए कतार में खड़े मरीज
अंबेडकरनगर। जिला चिकित्सालय का जनरल ऑपरेशन थिएटर (ओटी) पांचवें दिन भी बंद रहा। शनिवार को भी एक भी सर्जरी नहीं हो सकी। तकनीकी खराबी से उबरने के बाद अब सैनिटाइजेशन प्रक्रिया ने ऑपरेशन शेड्यूल पर ब्रेक लगा दिया है, जिससे इलाज के इंतजार में बैठे मरीज और उनके परिजन बेहद परेशान हैं।
गौरतलब है कि बीते सप्ताह अस्पताल में बिजली आपूर्ति बाधित हो जाने से ओटी की सेवाएं ठप हो गई थीं। अब जबकि निर्बाध विद्युत आपूर्ति बहाल हो चुकी है, तब भी जनरल ओटी चालू नहीं हो सका है। अस्पताल प्रशासन की ओर से शनिवार को सैनिटाइजेशन कार्य कराया गया, जिसके चलते सभी सर्जरी एक बार फिर टाल दी गईं। इस अस्थायी ठप व्यवस्था का सबसे बड़ा असर उन मरीजों पर पड़ रहा है, जिन्हें तत्काल सर्जरी की आवश्यकता है। लंबे इंतजार और लगातार टलते ऑपरेशन से उनकी चिकित्सकीय स्थिति और मानसिक तनाव दोनों बढ़ रहे हैं। अब उम्मीद जताई जा रही है कि सोमवार से जनरल ओटी की सेवाएं फिर से शुरू हो सकेंगी
सोमवार से शुरू हो जाएगा ओटी का संचालन
जिला चिकित्सालय में विद्युत आपूर्ति बहाल हो चुकी है। शनिवार को जनरल ओटी में सैनिटाइजेशन कार्य किया गया, जिसके कारण सर्जरी नहीं हो सकी। सोमवार से ओटी का संचालन शुरू हो जाएगा।
– डॉ. पीएन यादव, प्रभारी सीएमएस