अंबेडकरनगर। आयुष विभाग के तत्वावधान में शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित लोहिया भवन परिसर में ‘मैरे दैनिक जीवन में आयुर्वेद’ की उपयोगिता विषयक भाषण प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें कुल 106 विद्यालयों के 183 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। बेहतर प्रदर्शन के आधार पर सिद्धि श्रीवास्तव को पहला जबकि आद्रिका वर्मा को दूसरा स्थान मिला। बाद में विजयी प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व सांसद व एमएलसी हरिओम पांडेय ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीपार्चन कर किया। उन्होंने प्रतिभागी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों में भागीदारी करने से न सिर्फ इच्छाशक्ति दृढ़ होती है बल्कि किसी के भी सामने पूरी मजबूती के साथ अपनी बात रखने की ताकत भी मिलती है।
इसके बाद जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के 106 विद्यालयों के 183 छात्र-छात्राओं ने अपने विचार पूरी मजबूती के साथ रखे। जिला यूनानी अधिकारी डॉ. निशा ने बताया कि निर्णायक मंडल में शामिल जिला पंचायत अध्यक्ष साधू वर्मा, एनआरएलएम डिप्टी कमिश्नर आरबी यादव व चिकित्साधिकारी डॉ. गुलाबचंद्र भारती के निर्णय के अनुसार रेडियंट इंटर कॉलेज की छात्रा सिद्धि श्रीवास्तव को प्रथम स्थान जबकि इसी विद्यालय की आद्रिका वर्मा को दूसरा स्थान मिला। सेंट पीटर्स विद्यालय अकबरपुर की अन्वेषा शर्मा को तीसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा।
इनके अलावा सजल येजल यादव व मुस्कान गुप्ता को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। बाद में विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत करते हुए अपील की गई कि आयुर्वेद को अपने जीवन में लाएं। इस दौरान डॉ. कृष्णगोपाल व डॉ. इंद्रेश भास्कर आदि मौजूद रहे।