राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में भर्ती प्रेमिका का हत्यारोपी युवक कुलदीप गौड़। संवाद
बसखारी। बसखारी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 233 पर शुकुल बाजार कसदहां स्थित एक होटल में प्रेमी ने अपनी प्रेमिका की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद विषाक्त पदार्थ खा लिया। यूपी 112 पर फोन कर इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सीएचसी बसखारी पहुंचाया जहां युवती को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया, जबकि युवक को राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर रेफर कर दिया। पुलिस ने पूरे प्रकरण की छानबीन शुरू कर दी है।
हंसवर के गोकुलपुर निवासी कुलदीप गौड़ (26) का बसखारी के बरौंचा गांव की प्रिया (20) से प्रेम प्रसंग था। युवक इसी माह मुंबई से वापस लौटा था। बृहस्पतिवार की दोपहर करीब तीन बजे शुकुलबाजार कसदहा स्थित वरद इंटरनेशनल होटल में दोनों मिलने पहुंचे थे। यहां कमरा संख्या 303 में दोनों रुके। करीब 45 मिनट बाद युवक ने यूपी 112 पर प्रेमिका व स्वयं के विषाक्त पदार्थ खाने की सूचना दी। पुलिस चंद मिनटों में होटल पहुंची। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसखारी पहुंचाया। यहां डॉक्टर ने जांच की तो युवती का गला घोंटने की बात सामने आई। डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं युवक को जांच व इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर रेफर कर दिया गया जहां उसका इलाज चल रहा है। फोरेंसिक टीम ने होटल पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं।
एएसपी पश्चिमी हरेंद्र कुमार ने बताया कि युवक ने युवती की गला घोंटकर हत्या की है। इसके बाद स्वयं विषाक्त पदार्थ का सेवन किया है। युवक का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। युवती के परिजनों से तहरीर लेकर कार्रवाई की जा रही है।