फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ambedkar Nagar News: अधूरी पाइपलाइन, टूटी सड़कों ने खोली जल जीवन मिशन की पोल

विज्ञापन
जहांगीरगंज विकासखंड के मदैनिया में पहुंच नोडल अ​धिकारी ने लिया जायजा।संवाद
विज्ञापन
जलालपुर/ जहांगीरगंज/राजेसुल्तानपुर (अंबेडकरनगर)। जिले की नोडल अधिकारी व विशेष सचिव आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक नेहा जैन ने रविवार को भी निरीक्षण किया। जलालपुर ब्लॉक के बासिया और मालीपुर, नगर पंचायत जहांगीरगंज और ब्लॉक जहांगीरगंज के मदैनिया में जलजीवन मिशन की परियोजनाओं का हाल जाना। इस दौरान कहीं पाइपलाइन अधूरी मिली तो कहीं कनेक्शन ही गायब मिले। मरम्मत की गई सड़कें बदहाल मिलीं। तय समय सीमा के बाद भी काम पूरा नहीं किया जा सका। इस पर विशेष सचिव ने संबंधित विभाग को सुधार की कड़ी चेतावनी दी।
विज्ञापन

मालीपुर के ग्राम बासिया में हर घर नल योजना की प्रगति की समीक्षा की तो प्रधान ने भूमि विवाद के कारण 13 परिवारों तक नल कनेक्शन न हो पाने की जानकारी दी। इस पर एसडीएम व बीडीओ की विवाद निस्तारण की जिम्मेदारी तय की गई। गांव का स्थलीय जायजा लिया तो सड़क मरम्मत की गुणवत्ता खराब मिली। एक्सईएन जल निगम को दोबारा सड़क बनाने के निर्देश दिए। कई स्थानों पर पाइपलाइन बिछाने का काम भी अधूरा मिला।
मालीपुर में वर्ष 2022 में पेयजल परियोजना की शुरुआत हुई थी, लेकिन जिम्मेदारों की लापरवाही से आज तक ओवरहेड टैंक नहीं बन पाया और बोरिंग दो बार फेल हो चुकी है। काम 18 माह में पूरा होना था, लेकिन तीन साल बीत चुके हैं। इस पर नोडल अधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई और काम पूरा करने के लिए छह माह की मोहलत दी। शेष बचे घरों में नल कनेक्शन शीघ्र पूर्ण कराने, क्षतिग्रस्त रास्तों की मरम्मत और सभी कार्यों में मानक अनुरूप गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मालीपुर के ग्राम पंचायत सचिवालय का भी निरीक्षण किया।
विज्ञापन

इससे पहले शनिवार को जहांगीरगंज के मदैनिया में निरीक्षण के दौरान जल सखियों को पानी की जांच किट मुहैया न कराए जाने पर नाराजगी जताई। पाइपलाइन क्षतिग्रस्त और टोटियां टूटी मिलीं। वहीं, नगर पंचायत जहांगीरगंज में जल परियोजनाओं की विभागीय अफसरों के साथ बैठक कर समीक्षा की। सभासद बाल गोविंद तिवारी ने विशेष सचिव को बताया कि जल जीवन मिशन के तहत सड़कें खोदकर अधूरी छोड़ दी गई हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है।
इस पर विशेष सचिव ने एसडीएम आलापुर को निर्देशित किया कि कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और लापरवाही पर जिम्मेदारी तय की जाए। इस दौरान कई लोग अपनी समस्याएं बताने के लिए पहुंचे, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इससे लोगों में नाराजगी देखी गई। इस दौरान सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला, पीडी डीआरडीए अनिल सिंह, डीडीओ सुनील कुमार तिवारी, एक्सईएन जल निगम कमलाशंकर समेत तमाम अधिकारी कर्मचारी व ग्रामीण मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें