जलालपुर के बंदीपुर के जगतदेव बाबा धाम में 75 लाख रुपये की लागत से बने बरातघर का शनिवार को फीता
जलालपुर। क्षेत्र के बंदीपुर स्थित जगतदेव बाबा धाम में 75 लाख रुपये की लागत से निर्मित बारातघर का शनिवार को लोकार्पण किया गया। प्रदेश के पंचायती राज एवं अल्पसंख्यक कल्याण कैबिनेट मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने भवन का उद्घाटन किया। इसके बाद आयोजित सभा में उन्होंने निर्माण कार्य की सराहना की।
मंत्री ने कहा कि उन्होंने प्रदेश के 64 जिलों का दौरा किया है, लेकिन इस तरह का विकास कार्य कहीं और देखने को नहीं मिला। ग्राम प्रधान जयप्रकाश सिंह ने बताया कि बारातघर का निर्माण तीन मदों से कराया गया है। मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजना से 30 लाख, मनरेगा से 30 लाख और ग्राम निधि से 15 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। नवनिर्मित भवन का उपयोग स्थानीय लोगों के विभिन्न आयोजनों के लिए किया जा सकेगा।
ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह ने बारातघर में शुद्ध पेयजल की सुविधा के लिए वाटर कूलर लगवाने की घोषणा की। वहीं, मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने जगतदेव बाबा घाट के सुंदरीकरण का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष जगलाल राजभर, विधानसभा अध्यक्ष जितेंद्र राजभर, कमलेश राजभर, रविकांत प्रजापति, बीडीओ निरंजन प्रकाश, ग्राम पंचायत सचिव शिवकुमार जायसवाल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
देव दीपावली और छठ पर जुटते हैं श्रद्धालु
जगतदेव बाबा धाम क्षेत्र का प्रमुख धार्मिक स्थल है। यहां देव दीपावली और छठ पूजा के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।के अवसर पर आयोजन होते हैं। नए बारातघर के निर्माण से स्थानीय लोगों को आयोजनों के लिए एक अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।