अंबेडकरनगर। आगामी दिनों जिला पंचायत सदस्य समेत 68 पंचायत प्रतिनिधि के चुनाव के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंप दी गई। उपचुनाव को सकुशल व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आठ प्रभारी व सात सहायक प्रभारी अधिकारी नामित किए गए।
मालूम हो कि अलग-अलग कारणों के चलते जिला पंचायत सदस्य के एक, ग्राम प्रधान के चार, बीडीसी के एक व ग्राम पंचायत सदस्य के 62 पद रिक्त हो गए थे। इन पद पर आगामी दिनों में उपचुनाव होना है। हालांकि अभी उपचुनाव की तिथि की घोषणा नहीं हुई है लेकिन चुनाव को सकुशल व शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए प्रभारी अधिकारी व सहायक प्रभारी अधिकारी को नामित किया गया है।
डीएम अविनाश सिंह ने कार्मिक व्यवस्था के लिए जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार तिवारी को प्रभारी, जबकि बीएसए भोलेंद्र प्रताप सिंह व जिला सूचना अधिकारी अमरेंद्र प्रसाद को सहायक प्रभारी नामित किया है। इसी प्रकार उपायुक्त स्वतः रोजगार भूपेंद्र सिंह को प्रशिक्षण व्यवस्था प्रभारी, जबकि सेवायोजन अधिकारी विकास कुमार को सहायक, डीपीआरओ अवनीश श्रीवास्तव को मतपत्र पेटिका प्रभारी, एआरटीओ सत्येंद्र कुमार सिंह यादव को यातायात व्यवस्था प्रभारी, जबकि जिलापूर्ति अधिकारी शिवाकांत पांडेय को संहायक, बीएसए बीपी सिंह को वीडियोग्राफी व सीसीटीवी प्रभारी, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग सौरभ सिंह को टेंट, फर्नीचर एवं प्रकाश व्यवस्था प्रभारी, जबकि अवर अभियंता कृष्णकुमार को सहायक, अपर उपजिलाधिकारी रोशनी यादव को रूट चार्ट प्रभारी, जबकि संबंधित खंड विकास अधिकारी को सहायक, बंदोबस्त अधिकारी राजकिशोर को निर्वाचन सामग्री प्रभारी, जबकि चकबंदी अधिकारी महेंद्र प्रताप व सहायक चकबंदी अधिकारी शरद सिंह को सहायक प्रभारी नामित किया गया।