अंबेडकरनगर। यूपी डायल 112 पुलिस टीम ने शुक्रवार को शहजादपुर फव्वारा तिराहा व गोविंद साहब मेले में जागरूकता शिविर लगाया। फव्वारा तिराहे पर लगे शिविर का शुभारंभ एसपी ने किया। आम नागरिकों को आपात स्थिति में पुलिस की मदद के लिए 112 डायल करने की सलाह दी। बताया कि तीन दिन तक शिविर के जरिए आम लोगों को जागरूक किया जाएगा।
एसपी एके सिन्हा ने कहा कि अपराध व अपराधियों पर अंकुश लगाने में डायल 112 पुलिस टीम काफी कारगर साबित हो रही है। न सिर्फ अपराध पर लगाम लगा रही है बल्कि सड़क हादसों में घायल लोगों को अस्पताल भी पहुंचा रही है। आम जनता डायल 112 पुलिस टीम के कार्यों से राहत पा रही है।
उन्होंने शिविर का शुभारंभ करने के साथ ही आसपास के बच्चों को टॉफी व चाकलेट भी बांटे। आम लोगों की जागरूकता के लिए पुलिस विभाग से जुड़ी जानकारी से संबंधित पंफलेट का वितरण किया। इस मौके पर एएसपी संजय कुमार राय, सीओ सदर सुरेश कुमार मिश्र सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
उधर, गोविंद साहब मेले में आयोजित शिविर का शुभारंभ सीओ रामबहादुर सिंह ने किया। मेलार्थियों को आपातकाल सेवा के लिए डायल 112 पर संपर्क करने की सलाह दी। एएसपी संजय कुमार राय ने बताया कि दोनों स्थानों पर तीन दिवसीय इस शिविर में आम नागरिकों को डायल 112 के महत्व व उपलब्धियों के बारे में विस्तार जानकारी दी जाएगी।