अंबेडकरनगर। खाद्य विभाग की टीम ने विशेष वैन के जरिए दो स्थानों से जांच के लिए 107 नमूने लिए। इनमें से 11 नमूने फेल मिले। इससे पहले डीएम सैमुअल पॉल एन ने एडीएम न्यायिक डॉ. वैभव शर्मा की मौजूदगी में कलेक्ट्रेट से एमएसडब्लू वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
सहायक आयुक्त खाद्य राजवंश प्रकाश श्रीवास्तव के नेतृत्व में वैन ने अकबरपुर तहसील क्षेत्र के शिवबाबा मेले में पहुंचकर खाद्य पदार्थों के 90 नमूने लिए। उनकी वैन में ही उपलब्ध मशीन के जरिए जांच कराई गई। टीम ने यहां 200 से अधिक खाद्य पदार्थ बिक्री करने वाले व्यक्तियों व नागरिकों को मिलावटी खाद्य पदार्थों की घरेलू स्तर पर जांच करने की विधि बताई।
टीम ने अकबरपुर नगर के शहजादपुर में खाद्य पदार्थों के 17 नमूने लेकर जांच की। यहां 40 नागरिकों को मिलावट को लेकर जागरूक किया गया। राजवंश श्रीवास्तव ने बताया कि कुल 107 नमूनों की जांच में 11 नमूने मानक के विपरीत पाए गए। इस पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अखिलेश मौर्य, हंसराज प्रसाद व पुरंदर यादव आदि मौजूद रहे।