जलालपुर (अंबेडकरनगर)। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के बसिया गांव में बुधवार शाम तेज आंधी और बारिश के दौरान यूकेलिप्टस के पेड़ की डाल गिरने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। इलाज के लिए अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
बसिया निवासी उर्मिला देवी (45) पत्नी पृथ्वी पाल बुधवार शाम करीब छह बजे आंधी और बारिश के दौरान घर के बाहर रखा सामान अंदर कर रही थीं। इसी दौरान यूकेलिप्टस के पेड़ की एक भारी डाल उनके ऊपर गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल सीएचसी नगपुर ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।
मृतका अपने पीछे तीन बच्चों राहुल, अमित और शशि को छोड़ गई हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। एसडीएम राहुल गुप्ता ने बताया कि मौके पर राजस्व विभाग की टीम भेजी गई है जांच कराकर उचित मुआवजा दिलाया जाएगा। संवाद