अंबेडकरनगर। बदलते मौसम के बीच जिले में डायरिया का प्रकोप भी तेजी से बढ़ने लगा है। बीते 24 घंटे में पांच लोग डायरिया के शिकार होकर जिला अस्पताल में भर्ती हुए। यहां एक किशोरी की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल अयोध्या रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार पड़ोसी सुल्तानपुर के दोस्तपुर थाना क्षेत्र के बिशुनपुर निवासी सोनू की 16 वर्षीय पुत्री शिवांगी को शुक्रवार देर शाम उलटी दस्त होने लगा। स्थानीय स्तर पर इलाज के बाद भी तबियत में सुधार न होने पर जिला अस्पताल अंबेडकरनगर में भर्ती कराया। यहां इलाज के बाद भी तबियत में जब सुधार नहीं हुआ, तो उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल अयोध्या रेफर कर दिया गया। अहिरौली थाना क्षेत्र के कटेहरी निवासी रेखा (25) पत्नी संतोष शनिवार सुबह डायरिया की चपेट में आ गई। स्थानीय इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अकबरपुर कोतवाली अन्तर्गत शहजादपुर निवासी राधिका (34) पत्नी अर्जुन को शनिवार भोर में उलटी दस्त होने लगा। पेट में तेज दर्द के बीच घरवालों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हंसवर थाना क्षेत्र हंसवर निवासी संतराम (70) को घरवालों ने शनिवार सुबह उल्टी दस्त के बीच जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मालीपुर थाना क्षेत्र के मालीपुर निवासी रागिनी (16) पुत्री निन्कू को शुक्रवार देर शाम उल्टी दस्त होने लगा। स्थानीय इलाज में सुधार न होने पर शनिवार सुबह उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।