अंबेडकरनगर। भीषण गर्मी के बीच डायरिया का प्रकोप हर दिन बढ़ता ही जा रहा है। बीते 24 घंटे में उल्टी-दस्त के बीच सात नए मरीज डायरिया की चपेट में आकर जिला अस्पताल में भर्ती हुए। इनमें से एक की हालत में सुधार न होने पर उसे जिला अस्पताल, अयोध्या रेफर करना पड़ा।
जिला अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के मीरानपुर निवासी पूजा (22) पुत्री मेवालाल को बुधवार देर शाम उल्टी-दस्त होने लगा। स्थानीय इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल अयोध्या, रेफर कर दिया गया। इसी कोतवाली क्षेत्र के शहजादपुर निवासी फौजिया (20) पुत्री इलियास को गुरुवार भोर में उल्टी-दस्त शुरू हो गया। घरवालों ने उसे जिला अस्पाल में भर्ती कराया। बसखारी थाना क्षेत्र के बसखारी निवासी उमा (30) पत्नी भागीरथी को बुधवार देर रात उल्टी-दस्त होने लगा। पेट में दर्द के बीच उसे सीएचसी बसखारी ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पड़ोसी जिले के दोस्तपुर थाना क्षेत्र के दोस्तपुर निवासी महावीर (32) पुत्र रामनाथ बुधवार देर रात डायरिया की चपेट में आ गया। स्थानीय इलाज के बाद भी जब तबीयत में सुधार नहीं हुआ तो उसे जिला अस्पताल, अंबेडकरनगर में भर्ती कराना पड़ा। दोस्तपुर का ही हरिपाल (45) पुत्र सीताराम भी बुधवार आधी रात डायरिया की चपेट में आ गया। घरवालों ने उसे भी जिला अस्पताल अंबेडकरनगर में भर्ती कराया। टांडा कोतवाली क्षेत्र के लक्ष्मणपुर गांव निवासी सुनील (18) पुत्र श्रीराम को गुरुवार सुबह डायरिया की चपेट में आने के बाद घरवालों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के डइयाडीह निवासी लक्ष्मी (26) पत्नी लालबिहारी गुरुवार सुबह डायरिया की चपेट में आ गई। उल्टी-दस्त के बीच उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।