अंबेडकरनगर। डिप्टी सीएमओ डॉ. रामानंद सिद्धार्थ के नेतृत्व में चार सदस्यीय टीम ने पुलिसकर्मियों के साथ तहसील क्षेत्र भीटी के रामपुर गिरंट में अवैध रूप से संचालित एक पैथॉलोजी पर छापा मारा। इससे पहले ही संचालक सेंटर बंदकर निकल चुका था। टीम ने बाद में सेंटर को सील कर दिया। साथ ही मकान मालिक को हिदायत दी कि यदि किसी भी तरह छेड़छाड़ हुई तो वे इसके जिम्मेदार होंगे।
बीते दिनों भीटी तहसील मुख्यालय पर आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम सैमुअल पॉल एन को शिकायत मिली थी कि रामपुर गिरंट में अवैध ढंग से एक पैथॉलोजी चल रही है। कोई लाइसेंस भी नहीं है। डीएम ने सीएमओ को निर्देशित किया था कि पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
इस बीच शुक्रवार को सीएमओ डॉ. श्रीकांत शर्मा के निर्देश पर डिप्टी सीएमओ डॉ. रामानंद सिद्धार्थ व डॉ. पीके बादल के साथ सीएचसी भीटी के प्रभारी डॉ. ओमविकास मिश्र, नायब तहसीलदार सदाशिव पांडेय की टीम रामपुर गिरंट पहुंची।
भीटी पुलिस भी किसी अनहोनी को रोकने के लिए वहां मौजूद रही। छापे की भनक लगते ही संचालक बोर्ड हटाने के साथ ही सेंटर का शटर बंद कर वहां से जा चुका था।
इस पर टीम ने सेंटर को सील कर दिया। मौके पर मौजूद प्रधान प्रतिनिधि श्यामनरायन यादव व मकान मालिक राजबहादुर को निर्देशित किया कि सेंटर से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ न की जाए। मकान मालिक से कहा गया कि यदि इससे कोई छेड़छाड़ हुई तो उनकी जिम्मेदारी तय होगी।