उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ चेतनरायण गुट का एक दिवसीय जिला शिक्षक सम्मेलन मंगलवार को हुआ। अकबरपुर नगर के डॉ. जीके जेटली इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष व सदस्य विधान परिषद चेतनरायण सिंह रहे।
उन्होंने कहा कि 2011 तक के तदर्थ शिक्षकों को जल्द ही स्थायी न किया गया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। वक्ताओं ने पुरानी पेंशन बहाली व वित्तविहीन शिक्षकों को मानदेय दिलाने आदि पर विस्तार से चर्चा की। मुख्य अतिथि ने कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
कहा कि शिक्षकों की एकजुटता से ही उनका हित तय होगा। उन्होंने कहा कि सरकार से समझौता हुआ था कि वर्ष 2011 तक नियुक्त शिक्षकों का विनियमितीकरण कर दिया जाएगा, लेकिन अब तक ऐसा नहीं हो पाया है। विशिष्ट अतिथि विधान परिषद देवेन्द्र प्रताप सिंह ने शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।
कहा कि जल्द ही शिक्षकों के बकाया वेतन व अन्य बकाया भुगतान को लेकर आंदोलन किया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. आरपी वर्मा ने शिक्षकों से पूरी निष्ठा व ईमानदारी से काम करने का आह्वान किया। कहा कि शासन प्रशासन शिक्षकों के हितों को लेकर गंभीर है।
विभाग भी शिक्षकों के हितों का पूरा ख्याल रखता है। शासन से मिलने वाली सभी सुविधाओं को शिक्षकों को दिलाया जाएगा। इस मौके पर छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. जीके जेटली इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ शिवहर्ष सिंह ने किया।