अंबेडकरनगर। भीषण गर्मी के बीच जिले की बिजली व्यवस्था पूरी तरह लड़खड़ा गई है। शहर से लेकर गांव तक ट्रिपिंग, लो-वोल्टेज, ओवरलोडिंग और फाॅल्ट ने उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मंगलवार रात तेज आंधी के बाद हालात और बिगड़ गए। बिजली आपूर्ति बेपटरी होने से हजारों परिवार रातभर अंधेरे और उमस में परेशान रहे।
बसखारी क्षेत्र के अशरफपुर किछौछा स्थित निजामुद्दीन नगर में रात करीब दो बजे तेज आंधी के दौरान दो विशाल पेड़ बिजली लाइन पर गिर गए। हादसे में चार बिजली खंभे टूट गए और एक खंभा पास के मकान पर जा गिरा। इससे निजामुद्दीन नगर समेत आसपास के क्षेत्रों की करीब पांच हजार आबादी की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। शिकायत के बावजूद अब तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी जिससे लोगों को भीषण गर्मी, पेयजल संकट और संचार व्यवस्था बाधित होने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा।
उधर, अकबरपुर में साउथ वेस्ट बिजली घर क्षेत्र में लालपुर के पास रात नौ बजे तार टूटने से अशोक बिहार, मीरानपुर, मिर्जापुर, नाका चुंगी, तमसा मार्ग सहित करीब 20 गांवों की बिजली गुल हो गई। एक घंटे बाद फाल्ट तो ठीक हुआ लेकिन कुछ देर बाद ओवरलोडिंग के कारण फिर आपूर्ति बंद कर दी गई।
टाउन और वीआईपी फीडरों पर भी ओवरलोडिंग का असर दिखा। रात में कई बार बिजली घरों की आपूर्ति रोकनी पड़ी, जिससे उपभोक्ताओं को घंटों अंधेरे में रहना पड़ा। बुधवार को भी बिजली कटौती जारी रही। शाम चार बजे सीएमओ कार्यालय के पास ट्रांसफार्मर फुंकने से पुलिस लाइन, जिला अस्पताल के आसपास, ऑफीसर्स कॉलोनी और रगड़गंज क्षेत्र की बिजली ठप हो गई। एक घंटे बाद नया ट्रांसफार्मर लगाकर आपूर्ति बहाल की गई।
तेज आंधी के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों के गिरने की तेज आवाज से लोग घरों से बाहर निकल आए। पूरी रात क्षेत्र अंधेरे में डूबा रहा। बिजली आपूर्ति बाधित होने से पूरी रात जाग कर बितानी पड़ी।
- मोहम्मद तौसीफ, निजामुद्दीन नगर
भीषण गर्मी में बिजली न होने से बड़ी समस्या खड़ी हो जाती है। रात में आंधी से बिजली के खंभे टूट गए, बिजली जाने से गर्मी और उमस से पूरी रात हलकान होना पड़ा। प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की कि क्षतिग्रस्त खंभों को तत्काल बदलकर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति शीघ्र शुरू कराई जाए।
- मोहम्मद नफीस, निजामुद्दीन नगर
दुरुस्त कराई जा रही व्यवस्था
ओवरलोड के चलते बिजली घर पर लगे ट्रांसफार्मर हीट होकर बंद हो जा रहे हैं। इनको ठंडा कराने के लिए कूलर लगवाए गए हैं। जहां फाॅल्ट हो रहे हैं, उसे तत्काल ठीक कराया जा रहा है। बसखारी इलाके में आंधी से टूटे बिजली खंभों को बदलवाकर आपूर्ति बहाल करवाई जा रही है।
- रजनीश कुमार श्रीवास्तव, अधीक्षण अभियंता