अंबेडकरनगर। जिले के प्रभारी मंत्री एवं सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने सपा के प्रण पत्र और उसके शीर्ष नेतृत्व पर निशाना साधा। बृहस्पतिवार रात करीब 11 बजे मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि वर्ष 2012 से पहले के सपा घोषणा पत्र और मौजूदा प्रण पत्र में जनता को धोखा देने वाले वादे किए गए हैं।
किसानों की कर्जमाफी के वादे पर उन्होंने कहा कि वह इसके पक्षधर हैं, लेकिन जब अखिलेश यादव की सरकार ही नहीं बनने वाली तो कर्जमाफी कैसे होगी। सपा के 25 लाख नौकरियां और पांच हजार रुपये बेरोजगारी भत्ता देने के वादे पर भी उन्होंने तंज कसा। उन्होंने सपा शासनकाल में महिला अपराध, लूट, डकैती और सरकारी नौकरियों में गड़बड़ी के आरोप लगाए।
उन्होंने 75 जिलों में अलग-अलग घोषणा पत्र जारी करने पर भी सवाल उठाए। आजम खान के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए राजभर ने कहा कि विपक्षी नेता भाजपा का डर दिखाकर मुस्लिम समाज को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज को शिक्षा, रोजगार, नौकरी, अमन-चैन और राजनीतिक भागीदारी जैसे मुद्दों पर सवाल उठाने चाहिए।