अंबेडकरनगर। बसपा से निष्कासित पूर्व राष्ट्रीय महासचिव रामअचल राजभर के समर्थन में सोमवार को पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने व्यापक एकजुटता दिखाई। उनके आह्वान पर आयोजित बैठक में 3 जिला पंचायत सदस्य, अयोध्या सेक्टर प्रभारी और पूर्व जिलाध्यक्ष समेत कई वरिष्ठ पार्टी नेता और कार्यकर्ता पहुंचे। इस दौरान पूर्व मंत्री रामअचल ने कहा कि अब वे पूरे पूर्वांचल में जाकर आम जनता खासकर पिछड़े समाज को अपने साथ हुए अन्याय से अवगत कराएंगे।
बीते दिनों बसपा से निकाले गए कद्दावर नेता रामअचल राजभर ने कई दिनों की चुप्पी के बाद सोमवार को समर्थकों की बैठक जिला मुख्यालय स्थित भानमती स्मारक डिग्री कॉलेज परिसर में की। संगठन के शिल्पकार रहे रामअचल की पकड़ कार्यकर्ताओं के बीच अत्यंत मजबूती से मानी जाती रही। कारण यह कि वे कार्यकर्ताओं के सुख-दुख में अनिवार्य रूप से भाग लेते रहे। इसी का नतीजा रहा कि सोमवार को आयोजित बैठक में समर्थन जताने के लिए छोटे-बड़े अधिकांश पदाधिकारी व कार्यकर्ता पहुंचे।
कार्यकर्ताओं में बीते दिनों की मायूसी के सापेक्ष सोमवार को जोश दिखा। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रामअचल राजभर ने पार्टी में अपने योगदान का जिक्र किया तो कार्यकर्ताओं की आंखें डबडबा गईं। कहा कि मैंने पूरी ईमानदारी से सदैव पार्टी, कार्यकर्ता और जनता की सेवा की है। मुझे निकाले जाने का कष्ट नहीं है, क्योंकि पार्टी का निर्णय सर्वोपरि होता है। दुख इतना है कि बस एक बार बहनजी मिलकर मेरा पक्ष जान लेतीं। मैं भी समझ लेता कि मैंने पार्टी का क्या अहित किया।
पूर्व मंत्री ने कहा कि बहन जी अब भी यदि नहीं मिलती हैं तो उनका निर्णय स्वीकार है। मैं इसके बाद पूरे पूर्वांचल में जाकर अपने साथ हुए अन्याय की जानकारी आम जनता को दूंगा। खास तौर पर पिछड़े समाज को बताउंगा कि लंबी सेवा और निष्ठा के बदले पार्टी ने क्या सुलूक किया है। जरूरत हुई तो प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी जाकर लोगों को यह सब मैं बताऊंगा। उन्होंने भावुक होकर कहा कि कार्यकर्ताओं ने जिस एकजुटता का प्रदर्शन किया है, उससे मुझे अपना अब तक का परिश्रम फिर से सफल नजर आ रहा है। मैं एक-एक कार्यकर्ता के मान सम्मान के लिए सब कुछ करूँगा।
इस्तीफा देने को तैयार हैं तमाम कार्यकर्ता
सोमवार को बैठक में आए तमाम कार्यकर्ता इस्तीफे को तैयार दिखे। हालांकि इशारा न मिलने से रुक गए। विधायक रामअचल राजभर के प्रतिनिधि बाल मुकुंद धुरिया ने बताया कि 3 जिला पंचायत सदस्य राजू यादव, अजय गौतम, राघवेंद्र मोहन, अयोध्या सेक्टर के प्रभारी देवेंद्र भाष्कर, पूर्व जिलाध्यक्ष दर्शन भारती, पूर्व जिला प्रभारी राजेंद्र भारतीय, पूर्व ब्लॉक प्रमुख शारदा राजभर, नगर अध्यक्ष बादशाह खान, मंशाराम राजभर, मनोज सिंह, श्यामलाल राना, राम लौट राजभर, राजू वर्मा, रंजीत यादव, शमशेर और मुख्तार बाबा आदि मीटिंग में शामिल हुए। बालमुकुंद ने बताया कि अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र के कुल 37 सेक्टर में 32 सेक्टर अध्यक्ष भी पहुंचे। 5 अन्य ने स्वास्थ्य का हवाला देते हुए फोन पर समर्थन जताया।