अंबेडकरनगर। अकबरपुर कोतवाली इलाके की एक महिला ने सात लोगों पर पति को शराब पिलाकर जमीन का बैनामा कराने व विरोध करने पर मारपीट का आरोप लगाया है। एसपी के आदेश पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
अकबरपुर के राबीपुर बहाउद्दीनपुर निवासी सुनीता देवी ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थनापत्र देकर करोड़ों रुपये मूल्य की उसकी पुश्तैनी भूमि पर फर्जी एग्रीमेंट और बैनामा कराकर कब्जा कर लिया गया है। सुनीता देवी ने शिकायती पत्र में बताया कि मकान संख्या 853 में वह अपने पति प्रदीप कुमार के साथ रहतीं हैं। विपक्षियों योगेन्द्र कुमार विश्वकर्मा, प्रदीप कुमार गौड़, अमर बहादुर सिंह और मोहम्मद अनीश ने 31 अक्टूबर 2022 को उसके पति को बहला-फुसलाकर शराब के नशे में बिना भुगतान किए एग्रीमेंट करा लिया। बाद में 28 अप्रैल को विनोद कुमार, पवन कुमार गुप्ता, प्रदीप कुमार, संतोष कुमार और अन्य लोगों ने जबरन फर्जी बैनामा तैयार करवा कर जमीन अपने नाम करा ली।
महिला का आरोप है कि विपक्षीगण संगठित गिरोह की तरह काम कर रहे हैं और मकान पर जबरन कब्जा करने के इरादे से मकान तोड़कर समतल करने लगे। विरोध पर आरोपियों ने गालियां देते हुए घर में घुसकर मारपीट की। जब उसे बैनामे की जानकारी हुई तो उसने दस्तावेजों को निरस्त कराने की कोशिश की, लेकिन विपक्षी जान से मारने की धमकी देते हुए लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना दे रहे हैं। एसपी के आदेश के बाद पुलिस ने सात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर श्रीनिवास पांडेय ने बताया मामले की जांच की जा रही है। आराेपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।