अंबेडकरनगर। अकबरपुर के एक होटल में रिसेप्शन पर काम करने वाली युवती ने रिसेप्शन मैनेजर पर अश्लील संदेश भेजने, गाली-गलौज करने और परिवार समेत जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, होटल प्रबंधन ने आरोपी मैनेजर को नौकरी से हटा दिया है।
अयोध्या निवासी युवती के अनुसार, करीब 15 दिन पहले कानपुर के घाटमपुर निवासी अजय यादव होटल में रिसेप्शन मैनेजर नियुक्त हुआ था। आरोप है कि अजय उसे गलत नीयत से घूरता और बातचीत करने का दबाव बनाता था। युवती ने बातचीत से इनकार किया तो 19 अगस्त को उसने मोबाइल पर अश्लील संदेश भेजने शुरू कर दिए। युवती ने होटल प्रशासन से शिकायत की, जिसके बाद प्रबंधन ने अजय को नौकरी से निकाल दिया।
इसके बावजूद अजय लगातार संदेश भेजता रहा। युवती ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया तो उसने होटल के नंबर पर फोन कर गाली-गलौज की और अश्लील संदेश भेजे। आरोप है कि उसने युवती और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। इंस्पेक्टर संतोष सिंह ने बताया कि मामले में पीछा करने, धमकी देने और अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।