अंबेडकरनगर। जिला अस्पताल परिसर व निबियहवा पोखरा के निकट निर्मित जिला अस्पताल के आवासीय कॉलोनी में लंबे समय से रह रहे बाहरी लोगों पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है। जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र के निर्देश पर सीएमएस ने आवास खाली करने की नोटिस चस्पा कर दी है। साथ ही चेतावनी देते हुए कहा गया कि यदि 31 अक्तूबर तक आवास खाली नहीं किया गया तो संबंधित के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि जिला अस्पताल के चिकित्सकों व कर्मचारियों के लिए अस्पताल परिसर व निबियहवा पोखरा के निकट आवासीय कालोनी का निर्माण कराया गया था।
शासन की मंशानुसार संबंधित कालोनी में अस्पताल के चिकित्सकों व कर्मचारियों को आवास का आवंटन किया जाना था। कुछ में तो चिकित्सक व कर्मचारियों का आवंटन किया गया, लेकिन तमाम ऐसे आवास ऐसे हैं, जिस पर बाहरी लोगों या फिर संविदा व आउट सोर्सिंग के कर्मचारियों ने कब्जा कर रखा है। लंबे समय से रह रहे ऐसे लोगों से आवास खाली कराने को लेकर पूर्व में कई बार मौखिक निर्देश तत्कालीन डीएम द्वारा दिए गए, लेकिन उसे जमीनी हकीकत में नहीं बदला जा सका। नतीजा यह है कि संबंधित द्वारा कब्जा लगातार जारी है।
इस बीच बीते दिनों जिला अस्पताल के कुछ कर्मचारियों ने इस संबंध में जिलाधिकारी से शिकायत की थी। इसे गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र ने सीएमएस डॉ. ओमप्रकाश को अवैध ढंग से रह रहे लोगों से आवास खाली कराने का निर्देश दिया। डीएम के निर्देश के बाद बुधवार को सीएमएस के दिशा निर्देश पर संबंधित कालोनी में नोटिस चस्पा कर 31 अक्तूबर तक आवास खाली करने का निर्देश दिया। चेतावनी दी गई कि यदि निर्धारित समय पर आवास खाली नहीं किया गया, तो संबंधित के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।