अंबेडकरनगर। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में संचालित राजकीय होम्योपैथिक अस्पताल सिकंदरपुर (रामनगर) को जल्द ही अपना स्वयं का भवन मिलने जा रहा है। लंबे समय से यह अस्पताल उधार के कमरे में संचालित हो रहा था, जिससे मरीजों और कर्मियों दोनों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
अस्पताल पर करीब पांच हजार ग्रामीण मरीज निर्भर हैं। सीमित संसाधनों और जगह की कमी के कारण यहां इलाज और औषधि वितरण में लगातार कठिनाइयां आ रही थीं। विभागीय अधिकारियों द्वारा बार-बार भवन निर्माण के लिए भूमि आवंटन की मांग जिला प्रशासन से की जा रही थी। यह मुद्दा कई बार जिला स्वास्थ्य एवं निगरानी समिति की बैठकों में भी उठाया गया, लेकिन उपयुक्त जमीन न मिलने से कार्य आगे नहीं बढ़ पा रहा था। हाल ही में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने राजस्व विभाग को जमीन तलाशने के निर्देश दिए थे। निर्देशों के बाद सिकंदरपुर गांव में उपयुक्त भूमि चिह्नित कर विभाग को हस्तांतरित कर दी गई है।
-
प्रस्ताव पास होते ही शुरू होगा काम
विभाग को जमीन मिल गई है। अस्पताल के निर्माण के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ. जेबी सिंह, जिला हाेम्योपैथिक अधिकारी