अंबेडकरनगर। विदेश में नौकरी और वीजा दिलाने के नाम पर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। जनपद की विभिन्न तहसीलों में लोगों को सुनहरे भविष्य का सपना दिखाकर लाखों रुपये ऐंठे जा रहे हैं। पिछले एक माह में ऐसे चार अलग-अलग मामलों में प्राथमिकी दर्ज की गई है। बिना वैध लाइसेंस के सक्रिय कथित एजेंट भोले-भाले लोगों को निशाना बना रहे हैं।
केस एक: सऊदी भेजने के नाम पर डेढ़ लाख की ठगी
अलीगंज थाना क्षेत्र के अलहदादपुर निवासी हमतुन्निशा ने आरोप लगाया कि उनके बेटे जाफर को वर्ष 2024 में सऊदी अरब में नौकरी दिलाने के नाम पर डेढ़ लाख रुपये लिए गए। दौलतपुर नई बस्ती निवासी शब्बीर, ताहिर, मंजूर आलम, हस्सान और रमजान पर तीन किस्तों में रकम लेने का आरोप है। पीड़िता के मुताबिक बिना वैध लाइसेंस के बेटे को विदेश भेजा गया, जहां उसका शोषण हुआ। कोर्ट के आदेश पर अलीगंज थाने में एक सिपाही समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
केस दो: कतर का वीजा दिलाने के नाम पर 89 हजार रुपये लिए
अयोध्या जिले के गोसाईगंज थाना क्षेत्र के उनियार निवासी सदरे आलम ने बताया कि अगस्त 2025 में अलीगंज के काजीपुरा निवासी अशरफ से मुलाकात हुई। अशरफ ने सऊदी और कतर का वीजा बनवाने का दावा किया। कतर में मस्जिद क्लीनर की नौकरी के लिए 18 सितंबर से 15 अक्तूबर 2025 के बीच 89 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए। पासपोर्ट और अन्य दस्तावेज लेने के बावजूद वीजा नहीं दिया गया। एसपी के आदेश पर सात फरवरी को धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज हुआ।
केस तीन: इस्राइल में नौकरी का झांसा, चार लाख रुपये लिए
जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के जगदीशपुर फत्तेपुर निवासी हीरालाल ने आरोप लगाया कि बसखारी के महमदूपुर निवासी अर्जुन कुमार और विजय कुमार ने जुलाई 2025 में इस्राइल में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। आरोप है कि विभिन्न तिथियों में आरटीजीएस, फोनपे और नकद मिलाकर चार लाख रुपये लिए गए। वादा पूरा न होने पर नौ फरवरी को एफआईआर दर्ज कराई गई।
केस चार: विदेश भेजने के नाम पर 1.01 लाख की ठगी
सम्मनपुर थाना क्षेत्र के एक युवक हसन ने बताया कि टांडा के पुंथर निवासी फिरोज अहमद ने रिश्तेदारी का लाभ उठाकर विदेश में अच्छी कमाई का लालच दिया। आरोप है कि 29 अप्रैल से 28 जुलाई 2025 के बीच 76,500 रुपये ऑनलाइन और 25 हजार रुपये नकद लिए गए। पांच मई 2025 को मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुलाया गया, लेकिन न तो वैध दस्तावेज दिए गए और न ही विदेश भेजा गया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर 18 फरवरी को मुकदमा दर्ज किया गया।
विदेश में नौकरी के नाम पर बहकावे में न आएं : एसपी
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर ने बताया कि संज्ञान में आए सभी मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि विदेश में नौकरी के नाम पर किसी के बहकावे में आकर धनराशि न दें और पहले एजेंट की वैधता व लाइसेंस की जांच अवश्य कर लें।