संवाद न्यूज एजेंसी
अंबेडकरनगर। जैतपुर क्षेत्र में एक हिस्ट्रीशीटर को संदिग्ध हालातों में लगी गोली लगने का मामला सामने आया है। शिकायत पर पुलिस ने एक नामजद व दो अज्ञात पर केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
उद्धवपट्टी निवासी धीरज कुमार मिश्रा के मुताबिक दो अगस्त की शाम करीब आठ बजे वह घर पर लेटे थे। मां तारा देवी भी घर में मौजूद थीं। तभी हिमांशु यादव अपने दो अज्ञात साथियों के साथ पल्सर बाइक से वहां पहुंचा। तीनों हमलावरों ने उसके घर की टिनशेड को तोड़ दिया। इसके बाद जैसे ही उन्होंने भागने का प्रयास किया, हमलावरों ने उन पर फायर कर दिया। गोली धीरज के दाहिने पैर की जांघ में जा लगी और वह वहीं गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी भाग निकले। इसके बाद परिजन घायल धीरज को लेकर सीएचसी नगपुर लेकर पहुंचे। पुलिस के अनुसार गोली निकालने के लिए सोमवार को मेडिकल कॉलेज लखनऊ में ऑपरेशन चल रहा है। प्रभारी निरीक्षक जैतपुर वंदना अग्रहरि ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। गोली चलाने का जिस पर आरोप लगाया जा रहा है, उसकी लाइव लोकेशन उड़ीसा में निकली है। थानाध्यक्ष के मुताबिक धीरज अपराधी किस्म का व्यक्ति है। इसके खिलाफ जिले समेत सुल्तानपुर में 20 अपराधिक केस दर्ज हैं।