अंबेडकरनगर के दोस्तपुर मार्ग स्थित कृष्णानगर कॉलोनी के पास गिरे हाईटेंशन तार से निकलती चिंगारी?
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। बिजली विभाग के जिम्मेदारों की लापरवाही के कारण शुक्रवार रात कृष्णानगर कालोनी के पास जर्जर हो चुकी हाईटेंशन लाइन के तार अचानक टूटकर सड़क पर गिर गए। बारिश के दौरान गिरे सप्लाई के तारों में करंट दौड़ने के कारण आपस में टकराते ही चिंगारी व लपट निकलने लगी। गनीमत रही कि इसकी चपेट में कोई वाहन व नागरिक नहीं आया अन्यथा एक बड़ा हादसा हो सकता था। सड़क पर टूट कर गिरे बिजली के तारों से मुख्य मार्ग पर दोनों तरफ आवागमन बाधित होने से लंबा जाम लग गया।
घटना की जानकारी के आधा घंटा बाद मौके पर पहुंचे बिजली कर्मियों ने टूटे तार में प्रवाहित बिजली आपूर्ति को बंद कराया। इसके बाद इस रूट पर ट्रैफिक संचालन बहाल हो पाया। बिजली का तार टूटने के से ठप हुई बिजली सप्लाई के कारण कृष्णानगर, शिक्षक कालोनी, गौहन्ना व श्रीराम कॉलोनी समेत आस पास के क्षेत्र में करीब दो घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।
अकबरपुर दोस्तपुर मार्ग से कृष्णानगर कालोनी को जाने वाले मार्ग के ऊपर से गुजरने वाली हाईटेंशन बिजली सप्लाई लाइन के जर्जर तार शुक्रवार रात आठ बजे अचानक टूटकर मुख्य मार्ग पर गिर पड़े। आपूर्ति बहाल होने के कारण तारों के आपस में टकराने से लपटें व चिंगारी निकलने लगी। इससे अकबरपुर दोस्तपुर मार्ग पर दोनों तरफ आवागमन ठप हो गया।
विभाग स्तर पर बरती गयी लापरवाही का अंदाजा इसी से दिखता है कि हाईटेंशन तार को मुख्य मार्ग के ऊपर से ले जाने के बावजूद इसके नीचे जाल तक लगाने की कोी जरूरत नहीं समझी गयी। इसी कारण हाईटेंशन लाइन का जर्जर सप्लाई तार टूटकर सीधे सड़क पर गिरा। इस व्यस्ततम मार्ग पर हमेशा वाहनों का आवागमन रहता है। गनीमत यह रहा कि रात में हुई इस घटना के समय बारिश होने से मार्ग पर वाहनों की आवाजाही काफी कम थी। हाईटेंशन लाइन के टूटे तारों के किसी वाहन पर गिरने से कोई भी बड़ा हादसा हो सकता था।