जहांगीरगंज (अंबेडकरनगर)। घर के सामने खेल रहे पांच वर्षीय मासूम को तेज रफ्तार लग्जरी वाहन ने बुधवार को रौंद दिया। इससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। हादसे को लेकर आसपास के लोगों में आक्रोश पनप गया। हालांकि समय रहते पुलिस कर्मियों ने समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया।
मामला जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के माडरमऊ बाजार का है। स्थानीय निवासी सुरेश उर्फ लड्डू का पुत्र शुभम (5) बुधवार सुबह घर के सामने खेल रहा था। इसी बीच बिड़हर घाट की तरफ से आ रही तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने उसे रौंद दिया। इससे मौके पर बालक की मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों को रोता-बिलखता देख मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। बालक का शव देख लोगों में आक्रोश पनप गया।
लोग प्रदर्शन कर पाते, इससे पहले मौके पर दल-बल के साथ पहुंचे उपनिरीक्षक रामसुमेर यादव ने समझा-बुझाकर शांत करा दिया। वाहन को पकड़ने और कार्रवाई का भरोसा दिलाया। थानाध्यक्ष विजय प्रताप तिवारी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज अन्य कार्रवाई की जा रही है।