अंबेडकरनगर। नगर पालिका क्षेत्र अकबरपुर के प्रमुख स्थान और धार्मिक स्थल जल्द ही दूधिया रोशनी से जगमग होंगे। इसके लिए 12 स्थानों पर हाईमास्ट लाइटें लगाने की तैयारी है। एक लाइट लगाने पर लगभग सात लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। नगर में हाईमास्ट लाइटें लगाने के लिए 81 लाख रुपये का प्रस्ताव को शासन ने मंजूरी भी प्रदान कर दी है।
अकबरपुर नगर पालिका क्षेत्र के लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के कई कार्य कराए जा रहे हैं। इसके साथ पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है। जलभराव की समस्या को दूरा करने के साथ सफाई व्यवस्था को ठीक कराया जा रहा है। इसी क्रम में अब नगर पालिका क्षेत्र के प्रमुख स्थानों व धार्मिक स्थलों को दूधिया रोशनी से जगमगाने का निर्णय लिया गया है।
नगर पालिका प्रशासन के अनुसार 80 लाख 71 हजार 992 रुपये की लागत से नगर के 12 स्थानों पर हाईमास्ट लाइटें लगाई जाएंगी। ये लाइटें अमरौला शमशान घाट, जेएल इंटर कॉलेज के निकट, दोस्तपुर चौराहा, लोरपुर बारादरी, जौहरडीह मंदिर के पीछे, निबियहवा पोखरा चौराहा, पहितीपुर चौराहा, इमामबाग कब्रिस्तान, सिझौली इमामबाड़ा के निकट, शहजादपुर वार्ड नंबर 15, रगड़गंज बाजार समेत 12 स्थानों पर लगाने की तैयारी चल रही है।
अब्दुल्लापुर निवासी साबिर अली व अंजुमन हैदरिया के सचिव बादशाह हुसैन ने कहा कि इमामबाग कब्रिस्तान में हाईमास्क लाइट लगाए जाने का निर्णय काफी सराहनीय है। अमरौला निवासी राधेश्याम व गंगाराम ने कहा कि शमशान घाट पर हाईमास्क लाइट लगाने की मांग काफी समय से की जा रही थी। इसी तरह अन्य स्थानों पर लाइटें लगने से लोगों को शाम व रात के वक्त आवाजाही में काफी सहूलियत मिलेगी।
जल्द लगाई जाएंगी लाइटें
12 हाईमास्ट लाइट लगाने के प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी है। जल्द ही स्थान तय करके शासन की ओर से नामित कंपनी से लाइटें लगवाई जाएंगी। -बीना सिंह, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका अकबरपुर