गणतंत्र दिवस पर आतंकी वारदात को अंजाम दिए जाने की आतंकियों द्वारा दी गई धमकी के मद्देनजर देश भर में हाई अलर्ट घोषित किया गया है। इसे लेकर जिले में पसरी मनमानी की खबर ‘अमर उजाला’ ने रविवार के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित की थी।
खबर को संज्ञान में लेते हुए रविवार को एसपी अजय सिंह के निर्देश पर एएसपी राहुल राज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सबसे पहले अकबरपुर बस स्टेशन के पास स्थित एक शराब के ठेके पर छापा मारा। यहां आवश्यक छानबीन के बाद बस स्टेशन परिसर व इर्दगिर्द मौजूद यात्रियों के सामानों की गहनता से जांच की गई।
साथ ही बसों व निजी वाहनों के अंदर जाकर पुलिसकर्मियों ने यात्रियों से आवश्यक पूछताछ के साथ ही उनके सामानों की जांच की। टीम यहां से अकबरपुर रेलवे स्टेशन पहुंची। यहां प्लेटफार्म सहित बाहर मौजूद यात्रियों से जानकारी हासिल करने के साथ ही उनके सामानों की विस्तृत जांच की।
इसके बाद टीम ने अकबरपुर नगर स्थित विभिन्न होटलों में छापा मारकर सघन तलाशी ली। विभिन्न कमरों में पहुंचकर वहां मौजूद लोगों से उनके पहचान पत्र की जांच की। साथ ही सामानों की भी गहनता से तलाशी ली। एएसपी श्री राज ने बताया कि जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।