जलालपुर। क्षेत्र के छाछू मोहल्ला निवासी दोनों पैरों से दिव्यांग महिला के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि मकान बेचते समय विक्रेता ने उस पर पहले से चल रहे हाउसिंग लोन की जानकारी छिपाकर जमीन की बिक्री कर धोखाधड़ी की।
सरस्वती सोनी के मुताबिक उनकेपास रहने के लिए मकान नहीं था। उन्होंने अपने भाई के सहयोग से 25 अक्टूबर 2024 को बड़ागांव स्थित एक मकान करीब 16 लाख रुपये में खरीदा था। मकान का बैनामा कराने के साथ ही दाखिल-खारिज भी अपने नाम करा लिया। इसके बाद वह अपने बच्चों के साथ उसी मकान में रहने लगीं। महिला ने बताया कि वह मायके में रहकर छोटी सी चाय-पानी की दुकान चलाती हैं और इसी से उनके परिवार का भरण-पोषण करती है।
आरोप है कि चार जुलाई 2026 को वास्तु हाउसिंग लोन प्राइवेट लिमिटेड की ओर से मकान पर नोटिस चस्पा किया गया। नोटिस में मकान पर पहले से करीब 14.22 लाख रुपये का हाउसिंग लोन बकाया होने की जानकारी दी गई। लोन का भुगतान न किए जाने पर मकान की नीलामी की चेतावनी भी दी गई है। जमीन विक्रेताओं से संपर्क करने पर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। इंस्पेक्टर अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि शिकायत पत्र की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।