बीते दिनों मनोरंजन कर विभाग के अधिकारियों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में डीजे का संचालन कर रहे लोगों से लाइसेंस लिए जाने का निर्देश दिया था। यह भी चेतावनी दी थी कि यदि उन्होंने बगैर लाइसेंस के डीजे का संचालन किया, तो उन पर 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।
लाइसेंस के लिए डीजे संचालकों को एक माह का समय भी दिया गया था। बताते चलें कि जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों में 150 से अधिक डीजे का संचालन हो रहा है। लगभग एक माह पूर्व औचक निरीक्षण के बाद सभी को लाइसेंस बनवाने की नोटिस जारी किया गया था।
दी गई समयावधि बीत जाने के बाद भी 28 डीजे संचालकों द्वारा न तो नोटिस का कोई जवाब दिया गया और न ही लाइसेंस ही बनवाया गया। इस पर संबंधित डीजे संचालकों पर अब 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाए जाने की कार्रवाई की जा रही है। मनोरंजन कर अधिकारी शेषनरायन यादव ने बताया कि 28 डीजे संचालकों पर जुर्माना लगाया जा रहा है।
उधर संबंधित डीजे संचालकों ने मनोरंजन कर विभाग के अधिकारियों पर उत्पीड़न किए जाने का आरोप लगाया। दानिश व सर्वजीत ने बताया कि बीते उन्होंने डीएम से मुलाकात कर उत्पीड़न पर अंकुश लगाए जाने की मांग की थी, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही उनकी मांगों का निस्तारण नहीं किया गया, तो आंदोलन छेड़ा जाएगा।