अंबेडकरनगर। 90 हजार से अधिक की आबादी के लिए खुशखबरी है। नेवादा, रसूलपुर व सम्मनपुर में करीब साढ़े चार करोड़ की लागत से बनकर तैयार तीनों प्राथमिक चिकित्सालय जुलाई के अंत तक शुरू हो जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों में चिकित्सक व फार्मासिस्ट के अलावा अन्य स्टाफ की तैनाती की प्रक्रिया तेज कर दी है।
अस्पताल भवन की साफ-सफाई के साथ ही दवा व अन्य उपकरण मौके पर पहुंचाने की कवायद तेज हो गई है। इन अस्पतालों में उपचार शुरु हो जाने पर संबंधित क्षेत्र की आबादी को प्राथमिक चिकित्सा सेवा के लिए दूर के अस्पतालों का चक्कर लगाने से निजात मिल जाएगी। विभाग का दावा है कि जुलाई के अंत तक तीनों अस्पताल सुचारु रूप से अपनी सेवा देने लगेंगे।
गौरतलब है कि सपा सरकार ने जलालपुर तहसील क्षेत्र में बेहतर चिकित्सा सेवा आम नागरिकों को देने के लिए तीन प्राथमिक चिकित्सालयों की सौगात दी थी। हालांकि धनाभाव व सत्ता परिवर्तन के चलते इन अस्पतालों के निर्माण का कार्य पूरा नहीं हो सका। प्रदेश में योगी की सरकार बनी तो दोबारा इन परियोजनाओं को गति मिली। शासन की सख्ती के बीच लोकसभा चुनाव से पहले ही इन अस्पताल भवनों का निर्माण कार्य पूरा हो गया।
लोकसभा चुनाव के चलते इन अस्पतालों में स्टाफ की तैनाती के कार्यों पर ब्रेक लग गई थी। बीते दिनों शासन ने संबंधित अस्पतालों में चिकित्सक व फार्मासिस्टों की तैनाती की सूची स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध करा दी है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि जुलाई के अंत तक तीनों अस्पतालों का संचालन शुरू करा दिया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग के जेई के मुताबिक नेवादा व रसूलपुर में 2 करोड़ 90 लाख रुपए खर्च हुए हैं जबकि सम्मनपुर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन निर्माण में एक करोड़ 70 लाख रुपए खर्च हुए हैं। इन अस्पतालों के संचालन से करीब 90 हजार की आबादी को प्राथमिक चिकित्सा का लाभ मिल सकेगा। नेवादा के प्रदीप कुमार, राधेश्याम व मनीराम आदि ने स्वास्थ्य विभाग से जल्द अस्पताल संचालन की मांग की है।
कहा कि मौजूदा समय में उन्हें उपचार के लिए या तो जलालपुर सीएचसी जाना पड़ता है या फिर जिला अस्पताल। ऐसे में 10 से 20 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है। गांव में अस्पताल शुरू हो जाने पर काफी सुविधा मिलेगी। सम्मनपुर के अमित वर्मा व चुन्नू तथा रसूलपुर के मनीष तिवारी व अशोक सिंह ने भी अस्पताल के जल्द संचालन की मांग की है।
अंबेडकरनगर। जल्द ही तीन नए स्वास्थ्य केंद्र शुरू हो जाने के बाद जिले में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की संख्या बढ़कर 28 हो जाएगी। अभी तक कुल 25 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र जिले में हैं। इनमें लगभग एक हजार मरीज प्रतिदिन पहुंचते हैं। तीन नए स्वास्थ्य केंद्र खुल जाने के बाद निश्चित तौर पर ज्यादा मरीजों को इलाज में सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि जलालपुर तहसील में बनकर तैयार नेवादा, रसूलपुर व सम्मनपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के जल्द संचालन की प्रक्रिया चल रही है। शासन से चिकित्सक व फार्मासिस्ट की तैनाती की सूची प्राप्त हो गई है। दवा व अन्य संसाधनों की व्यवस्था अस्पताल में सुनिश्चित की जा रही है।