अंबेडकरनगर। जलालपुर विकासखंड के सुरहुरपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक संतोष कुमार दूबे को मंगलवार शाम को निलंबित कर दिया गया। उन पर कक्षा छह की छात्रा से अश्लील हरकत और छेड़छाड़ का आरोप है। बीएसए डॉ. पूनम मिश्रा ने मामले की जांच के लिए त्रि-सदस्यीय समिति गठित की है।
10 अक्तूबर को छात्रा के साथ यह घटना सामने आई थी, जिसकी शिकायत बीते सोमवार को परिजनों ने पुलिस से की थी। मामला संज्ञान में आने पर बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारी जलालपुर को 24 घंटे के भीतर प्राथमिक जांच रिपोर्ट देने का निर्देश दिया था। जांच में सामने आया कि 10 अक्तूबर, शनिवार को विद्यालय समय में संतोष कुमार दूबे ने छात्रा के साथ अश्लील हरकत की।
प्रभारी प्रधानाध्यापक उर्मिला दूबे से दूरभाष पर बात करने पर छात्रा द्वारा ''बैड टच'' की पुष्टि हुई। छात्रा ने घर जाकर परिजनों को भी घटना के बारे में बताया था। 12 अक्तूबर को संतोष कुमार दूबे को मालीपुर थाने बुलाया गया, जहां वह देर शाम तक उपस्थित रहे। प्राथमिक जांच में आरोप प्रथम दृष्ट्या सत्य पाए गए। बीएसए ने बताया कि प्रधानाध्यापक को निलंबित करते हुए जांच समिति बनाई गई है, जिसमें खंड शिक्षा अधिकारी अकबरपुर, कटेहरी और टांडा शामिल हैं।
निलंबन अवधि में संतोष कुमार दूबे को प्राथमिक विद्यालय उसरहा द्वितीय से संबद्ध किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। जांच समिति को निर्देशित किया गया है कि वे निलंबित प्रधानाध्यापक को आरोप पत्र निर्गत कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।