आलापुर के कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय हिसामुद्दीनपुर पिपरा में चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान।
आलापुर (अंबेडकरनगर)। आलापुर क्षेत्र में सोमवार रात चोरों ने दो अलग-अलग स्थानों पर घटना को अंजाम देकर पुलिस गश्त पर सवाल खड़े कर दिए। कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय हिसामुद्दीनपुर पिपरा में घुसकर चोरों ने रसोईघर में तहरी बनाकर खाई और खाद्यान्न पार कर दिया, वहीं दूसरी ओर शाहपुर बनगवां गांव में एक महिला के घर से नकदी व लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए।
कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय हिसामुद्दीनपुर पिपरा में देर रात चोर स्कूल परिसर में दाखिल हुए और रसोई घर का ताला तोड़ दिया। हैरानी की बात यह रही कि चोरों ने रसोईघर में उपलब्ध सामग्री से तहरी बनाकर वहीं खाई। इसके बाद कार्यालय का ताला तोड़कर अभिलेखों को इधर-उधर बिखेर दिया। विद्यालय में रखे करीब चार क्विंटल खाद्यान्न पर भी हाथ साफ कर दिया। साथ ही कैशबुक, साउंड सिस्टम, वाई-फाई का सिम भी निकाल ले गए। सुबह जब विद्यालय स्टाफ पहुंचा तो टूटे ताले और बिखरे सामान को देखकर हड़कंप मच गया। प्रधानाध्यापिका सीमा यादव की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। विद्यालय प्रबंधन नुकसान का आकलन कर रहा है।
दूसरी घटना शाहपुर बनगवां गांव में हुई। यहां नीलम देवी के घर चोर छत के रास्ते घुसे। चोरों ने साड़ी बांधकर छत पर चढ़ने-उतरने का तरीका अपनाया। घर में रखे लगभग 10 हजार रुपये नकद, लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए। सुबह परिजनों की नींद खुलने पर घटना की जानकारी हुई।इंस्पेक्टर रितेश पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अभी तक किसी भी मामले में लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलते ही विधिक कार्रवाई की जाएगी।