पीड़ित पर ही दर्ज कर दिया मुकदमा तो बढ़ गया विपक्षियों का हौसला
संवाद न्यूज एजेंसी
आलापुर (अंबेडकरनगर)। थाना क्षेत्र आलापुर के धुसवापुर गांव में पुलिस ने सक्रियता दिखाई होती तो गोलीकांड की घटना न होती। पीड़ित पक्ष लंबे समय से भूमि विवाद मामले में पुलिस से शिकायत दर्ज करा रहा था, लेकिन पुलिस ने मामले में कोई सक्रियता नहीं दिखाई। उलटे उसके खिलाफ ही केस दर्ज कर दिया। इसके चलते ही विपक्षियों का हौसला बढ़ गया और युवक पर गोली चला दी।
गोली लगने से जिला अस्पताल में भर्ती दीपक के मुताबिक, वह 15 जून को अपनी भूमि पर मिट्टी डाल रहा था। इसके बावजूद विपक्षियों ने उसके साथ मारपीट की। उसने थाने में तहरीर दी लेकिन पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया। दो दिन बाद उल्टे विपक्षी की तहरीर पर उसके खिलाफ ही मारपीट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया। इससे विपक्षियों का हौसला और बढ़ गया। विपक्षियों ने मंगलवार देर शाम उस पर असलहे से फायर कर दिया। गनीमत रही कि गोली उसके हाथ में लगी।
परिजनों ने कहा कि वे जल्द ही एसपी से शिकायत दर्ज कराने के साथ ही मुख्यमंत्री से मिलने लखनऊ जाएंगे। उधर, थानाध्यक्ष पंडित त्रिपाठी का कहना है कि गोली लगने की शिकायत सामने आई है। मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।