महरुआ (अंबेडकरनगर)। एनएच 232 पर सुखारीगंज के पास बीती रात तेज रफ्तार बस से कुचलकर किराना दुकानदार की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बस लेकर फरार हो गया। अकबरपुर कोतवाली पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में दुकानदार की मौत से परिवारीजनों में कोहराम मच गया है।
महरुआ थाना क्षेत्र के जमालपुर निवासी खद्दर यादव (44) गांव से कुछ दूर स्थित सुखारीगंज चौराहे पर किराने की दुकान करते थे। प्रतिदिन की तरह बुधवार की रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर वह बाइक से घर जा रहे थे। बताया जाता है कि वह दुकान से कुछ दूर पहुंचे थे, तभी अकबरपुर की तरफ से आई तेज रफ्तार बस ने उन्हें कुचल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया।
बताया जाता है कि जिस बस से हादसा हुआ है, वह बलिया जनपद से चलकर प्रतिदिन दिल्ली के लिए आवागमन करती है। सूचना पर पहुंचे परिवारीजनों व ग्रामीणों ने उन्हें निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अकबरपुर कोतवाली पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में दुकानदार की मौत होने से परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।