आतंकवाद रोकने के लिए युवाओं को शिक्षा से जोड़ना होगा। ये विचार राज्यपाल राम नाईक ने गुरुवार को जिला मुख्यालय पर अंबेडकरनगर महोत्सव का शुभारंभ करते हुए व्यक्त किया। कहा कि सीमा पार से जो भी आतंकी आते हैं, उनमें ज्यादातर युवा होते हैं। वे इस राह पर इसलिए बढ़ते हैं क्योंकि उनमें से ज्यादातर में शिक्षा का अभाव होता है।
लगातार हो रही बारिश के बीच आयोजन के लिए अंबेडकरनगर महोत्सव समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन ने यहां के हालात को देखते हुए उनसे अनुरोध किया था कि यहां आने पर पद की गरिमा के अनुरूप व्यवस्था शायद न हो सके। राज्यपाल ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच कहा कि पद की गरिमा ऐसे आयोजनों में आने से कतई कम नहीं होती।
उन्होंने डॉ. अंबेडकर का जिक्र करते हुए कहा कि जिनके नाम पर यह जिला बना है, उनका भी जीवन संघर्षों में ही बीता। राज्यपाल ने डॉ. राममनोहर लोहिया को भी याद करते हुए कहा कि उनकी धरती पर जो आयोजन वर्ष 1995 में जनपद गठन के बाद बहुत पहले से होना चाहिए था, वह पिछले वर्ष से ही शुरू होना बेहतर प्रयासों का नतीजा है।
राज्यपाल ने लोगों को प्रेरणा देने के लिए दीनदयाल उपाध्याय जैसे आदर्शों का भी जिक्र किया। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें अधिकाधिक मतदान तय करने को मतदाता बनने का जो मौका अभी है, उसका पूरा लाभ उठाने की जरूरत है।
डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर डॉ. जीसीआर जायसवाल ने जिले की मजबूत सांस्कृतिक, धार्मिक व शैक्षिक महत्ता पर प्रकाश डाला। सांसद हरिओम पांडेय ने राज्यपाल का आभार जताते हुए कहा कि प्रतिकूल मौसम में भी उनके अनुरोध पर यहां पहुंचकर राज्यपाल ने यह साबित कर दिया है कि वे आम जनता से जुड़े व्यक्ति हैं।
महोत्सव समिति अध्यक्ष प्रभात यादव ने राज्यपाल का स्वागत करते हुए कहा कि उनके आने से इस महोत्सव का गौरव बढ़ा है। संचालन तारकेश्वर मिश्र जिज्ञासु ने किया जबकि राष्ट्रगीत व राष्ट्रगान की प्रस्तुति लोक गायिका प्रतिमा यादव व उनकी टीम ने किया। समारोह में नगर परिषद अध्यक्ष चंद्रप्रकाश वर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता रमाशंकर सिंह, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रामप्रकाश यादव आदि मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में राज्यपाल रामनाईक को वरिष्ठ व्यापारी नेता गोविंदराम अग्रवाल की तरफ से स्मृति चिह्न भी सौंपा गया। राज्यपाल ने अंबेडकरनगर महोत्सव स्मारिका 2016 का विमोचन भी किया। अंबेडकरनगर महोत्सव के पहले दिन देर शाम शुरू हुए रंगारंग कार्यक्रम में कलाकारों ने अपनी छटा बिखेरी।
लोक गायिका प्रतिमा यादव ने अपने विशेष अंदाज में सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति की तो वहां बैठे लोग झूम उठे। तालियों की गड़गड़ाहट से समूचा माहौल गूंज उठा। इसके अलावा स्थानीय कलाकारों ने फिल्मी गीतों पर नृत्य प्रस्तुत किया। दिल्ली से आई आर्केस्ट्रा ने भव्य कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इससे पहले कार्यक्रम की शुरुआत भगवान गणेश व मां सरस्वती वंदना से हुई।
मुख्य आयोजन शुक्रवार को होगा जिसमें सिने कलाकार रवि किशन मुख्य रूप से भाग लेंगे। राज्यपाल रामनाईक ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रामउजागिर पांडेय व धर्मराज वर्मा को शाल भेंट कर सम्मानित किया।
नक्सलियों के मोर्टार हमले में बीते दिनों शहीद हुए सुरहुरपुर निवासी सैनिक लोलार्क त्रिपाठी की पत्नी उत्तरा त्रिपाठी को भी राज्यपाल ने सम्मानित किया। 500 से अधिक निशुल्क विवाह कराने के लिए सामाजिक कार्यकर्ता धर्मवीर सिंह बग्गा को भी राज्यपाल ने सम्मानित किया। बीते दिनों युवा अवार्ड से सम्मानित डॉ. रजनीश सिंह व केके यादव को राज्यपाल ने शाल देकर सम्मानित किया।