अंबेडकरनगर। कलेक्ट्रेट सभागार में यूपी दिवस एवं गणतंत्र दिवस के कार्यों की रूपरेखा तैयार करने के लिए बृहस्पतिवार को बैठक हुई। 24 से 26 जनवरी तक यूपी दिवस एवं गणतंत्र दिवस के कार्यक्रमों का आयोजन राजकीय हवाई पट्टी पर किया जाना है।
24 जनवरी को ऋण मेला एवं रोजगार मेला का आयोजन होगा, जिसमें करीब 700 करोड़ रुपये का ऋण बांटा जाएगा एवं विभिन्न कंपनियां युवाओं को रोजगार के अवसर मुहैया कराएंगी। इसी के साथ योजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास एवं उत्कृष्ट कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। डीएम अविनाश सिंह ने सभी विभागों की जिम्मेदारियां तय करते हुए विकास व विरासत प्रगति पथ पर उत्तर प्रदेश थीम पर कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। कहा कि इस थीम पर प्रदर्शनी, संगोष्ठी, सम्मेलन, सांस्कृतिक, कार्यक्रमों, प्रतियोगिताओं, रोड शो इत्यादि का आयोजन होगा।
विभाग विकास प्रदर्शनी व स्टॉल लगाकर योजनाओं को प्रदर्शित करेंगे। ईओ अकबरपुर व डीपीआरओ को साफ-सफाई के साथ पेयजल व मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती, 25 को राष्ट्रीय पर्यटन दिवस व मतदाता जागरूकता दिवस एवं 26 को गणतंत्र दिवस पर सभी कार्यालयों में कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। हर विभाग से दो-दो उत्कृष्ट कर्मचारियों के नाम देने को कहा। गणतंत्र दिवस को लेकर निर्देश दिए कि सभी ईओ 25 जनवरी को एक-एक मलिन बस्ती व डीपीआरओ और बीडीओ एक-एक गांव में वृहद स्वच्छता अभियान चलाएंगे। दफ्तरों को भी साफ-सुथरा किया जाएगा। डीआईओएस व बीएसए प्रभातफेरी, सीएमओ-सीएमएस मरीजों को फल का वितरण कराएंगे। सभी स्कूल कॉलेजों में ध्वजारोहण, राष्ट्रगान समेत अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। बैठक में एडीएम डॉ. सदानंद गुप्ता, सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला समेत तमाम अफसर मौजूद रहे।