अंबेडकरनगर। प्रधानमंत्री आवास योजना का अपात्रों को लाभ देने के मामले में गाज पांडेय पैकोली के ग्राम पंचायत अधिकारी पर कार्रवाई की गई है। डीएम अविनाश सिंह के निर्देश पर डीपीआरओ अवनीश कुमार ने उन्हें निलंबित कर दिया।
बीते दिनों जिला प्रशासन से तहसील क्षेत्र भीटी के पांडेय पैकोली के कुछ ग्रामीणों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम पंचायत अधिकारी गंगाराम गुप्ता द्वारा न सिर्फ अपात्रों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिला दिया गया है बल्कि साप्ताहिक बैठक में भी वह समय पर नहीं पहुंचते हैं। मामले को संज्ञान में लेते हुए पूरे मामले की जांच खंड विकास अधिकारी भीटी को सौंपी गई।
जांच के बाद जिला प्रशासन को दी गई रिपोर्ट में कहा गया कि अपात्रों को आवास योजना का लाभ दिलाया गया है। खंड विकास अधिकारी के निर्देशों की अवहेलना भी की गई है। इसके अलावा साप्ताहिक बैठक में या तो पहुंचते ही नहीं हैं या फिर विलंब से पहुंचते हैं। यह पूरी तरह से अनुशासनहीनता है। इसी रिपोर्ट के आधार पर डीएम अविनाश सिंह के निर्देश पर डीपीआरओ ने सोमवार को तत्काल प्रभाव से संबंधित ग्राम पंचायत अधिकारी को निलंबित कर दिया। साथ ही खंड विकास अधिकारी कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया।