अंबेडकरनगर महोत्सव स्थल पर होने वाले कार्यक्रम की रिहर्सल करते कलाकार।
- फोटो : अमर उजाला
आगामी 29 सितंबर से प्रारंभ हो रहे दो दिनी अंबेडकरनगर महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरणों में पहुंच गई हैं। महोत्सव का शुभारंभ राज्यपाल रामनाइक करेंगे। उनके स्वागत को लेकर तरफ जहां आयोजन समिति ने तैयारियां तेज कर दी हैं, वहीं प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रोडमैप तैयार करना शुरू कर दिया है।
गौरतलब है कि 29 सितंबर 1995 को अंबेडकरनगर जनपद की स्थापना हुई थी। इसके बाद से ही महसूस की जा रही जरूरत के बाद सिविल अंबेडकरनगर महोत्सव समिति का गठन कर अंबेडकरनगर महोत्सव का आयोजन विगत वर्ष प्रारंभ किया गया था।
गत वर्ष यह कार्यक्रम एक दिवसीय था, लेकिन इस बार इसे दो दिवसीय कर दिया गया है। अकबरपुर नगर के फैजाबाद रोड पर कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यपाल रामनाइक करेंगे। अकबरपुर हवाईपट्टी पर उतरने के बाद वे सुबह साढ़े दस बजे से लगभग एक घंटे तक आयोजन में भाग लेंगे।
यहां वे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व शहीद के परिवारीजनों के साथ साथ समाज के गणमान्य नागरिकों को सम्मानित भी करेंगे। उनके भव्य स्वागत को लेकर समिति ने आवश्यक तैयारियां तेज कर दी हैं। समिति अध्यक्ष प्रभात यादव ने बताया 29 सितंबर की सुबह राज्यपाल रामनाइक महोत्सवस्थल पर पहुंचेंगे।
यहां उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। राज्यपाल के अलावा समारोह में डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर डॉ. जीसीआर जायसवाल व सांसद हरिओम पांडेय भी मौजूद रहेंगे। दूसरे दिन के कार्यक्रम का शुभारंभ महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री नसीम खान करेंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि पूर्व सांसद राकेश पाण्डेय होंगे।