अंबेडकरनगर। प्रदेश की योगी सरकार अपनी विफलता को छिपाने के लिए उत्सव मना रही है। आम जनता सरकार के इस नाटक को समझ रही है। धरातल पर विकास कोसों दूर है और सरकार कार्यक्रमों का आयोजन कर विकास होने का ढिंढोरा पीट रही है। यह आरोप शनिवार को जिला मुख्यालय पहुंचे आम आदमी पार्टी के जिला प्रभारी अरविंद यादव ने लगाए। कहा कि सरकार अपनी विफलता पर पर्दा डालने के लिए कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है। सरकार जितना पैसा कार्यक्रमों पर खर्च कर रही है। उतना धन यदि आम जनता के हितों पर खर्च कर दिया जाता तो बेहतर होता।
जिला प्रभारी ने कहा कि योगी सरकार के चार वर्ष के कार्यकाल में किसान, बेरोजगार, आम आदमी बेहाल है। महंगाई चरम सीमा पर है। सरकार जनता को महंगाई से निजात दिलाने के बजाय उत्सव मनाने में मशगूल है। मौजूदा सरकार में सिर्फ भ्रष्टाचार, बेईमानी हो रही है। इससे जनता पूरी तरह त्रस्त हो चुकी है। आगामी विधानसभा चुनाव में ऐसी सरकार को जनता सत्ता से बेदखल करने का काम करेगी।
जिलाध्यक्ष राकेश वर्मा ने भाजपा के 2017 के घोषणा पत्र को सुनाते हुए वादाखिलाफी का आरोप लगाया। कहा कि यह सिर्फ जुमला पत्र होकर रह गया है। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। कहा कि जनता के बीच जाएं और सरकार की नाकामियों को उजागर करें।