अंबेडकरनगर। जिले के स्वास्थ्य विभाग ने कर्मचारियों के लिए बड़ा फरमान जारी किया है। जनवरी माह का वेतन सिर्फ उन्हीं कर्मचारियों को मिलेगा, जिन्होंने अपने निजी घर पर सौर ऊर्जा संयंत्र के लिए सेवा पोर्टल पर पंजीकरण कराया है।
पत्र के अनुसार, निजी भवनों पर 3 किलोवाट तक की क्षमता वाले सोलर ऊर्जा संयंत्र को स्थापित करने पर केंद्र और राज्य सरकार दोनों की ओर से सब्सिडी दी जा रही है। इसके चलते संयंत्र की लागत न्यूनतम है और यह अत्यधिक जन उपयोगी साबित होता है। सोलर प्लांट स्थापित होने के बाद औसतन 1,000 से 1,500 रुपये प्रति माह बिजली बिल में बचत होने की संभावना है। सीएमओ ने चिकित्सा अधिकारियों, अस्पताल अधीक्षकों और स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी कर्मचारियों को निर्देश जारी किए हैं। सीएमओ डॉ. संजय कुमार शैवाल ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग को स्थानीय कर्मचारियों और अधिकारियों के घर एक हजार सोलर प्लांट लगवाने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इसी के चलते यह आदेश जारी किया गया है।