अंबेडकरनगर। पूर्वाचल व गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस वे के निकट औद्योगिक कॉरिडोर की स्थापना का काम अब रफ्तार पकड़ेगा। दोनों जगहों पर जमीन खरीदने के लिए शासन स्तर से करीब एक अरब रुपये की राशि का बजट शासन स्तर से जारी किया गया है। जिला स्तरीय अफसरों का कहना है कि इससे संबंधित किसानों की भूमि खरीदकर औद्योगिक गलियारा की स्थापना के काम में तेजी आ सकेगी।
शासन ने बीते दिनों जिले में दो औद्योगिक कॉरिडोर की स्थापना का एलान किया था। लंबी प्रक्रिया के बाद पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के निकट बेवाना क्षेत्र में जबकि गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे के निकट जलालपुर क्षेत्र में कॉरिडोर स्थापना के लिए भूमि चिह्नित करने का काम पूरा हो चुका है। इसके बाद से ही दोनों स्थानों पर किसानों की भूमि का बैनामा कराने के लिए शासन मुआवजा प्रतिपूर्ति में दी जाने वाली धनराशि मिलने का इंतजार कर रहा था। इसके बाद ही अधिग्रहीत जमीन का बैनामा कराने का कार्य शुरू हो सकेगा।
जमीन खरीद की इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास अथॉरिटी ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के निकट के लिए 67 करोड़ 26 लाख जबकि लिंक एक्सप्रेस-वे के लिए 46 करोड़ 21 लाख रुपये की बजट राशि स्वीकृत कर भेजी है। एसडीएम सदर सौरभ शुक्ल ने बताया कि इस धनराशि का भुगतान संबंधित किसानों को किए जाने के बाद भूमि का बैनामा कराने की प्रक्रिया को पूरा कराया जाएगा।